मलप्पुरम। केरल में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मलप्पुरम जिले के निलंबूर क्षेत्र में अचानक आई भीषण बाढ़ और इडुक्की में हुए भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में अब तक कुल 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मलप्पुरम में बाढ़ के तेज बहाव में बहे 6 लोगों में से 5 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक लापता महिला की तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
नदी में अचानक उफान से बहे 6 लोग, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
पहाड़ी इलाकों में रविवार शाम हुई भारी बारिश के बाद करीब साढ़े चार बजे चोक्कड़ नदी का जलस्तर अचानक विकराल रूप से बढ़ गया। तेज बहाव में 6 लोग बह गए थे। राजस्व मंत्री ए.पी. अनिल कुमार ने बताया कि रविवार रात दो शव बरामद किए गए थे, वहीं सोमवार सुबह राहत टीमों ने तीन और शव बाहर निकाले। राज्य सरकार के निर्देश पर एनडीआरएफ, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस और स्थानीय बचाव दल नदी के बहाव क्षेत्र में लापता महिला की तलाश में जुटे हुए हैं। स्थानीय विधायक आर्यदान शौकत ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया।
इडुक्की में भूस्खलन की चपेट में आया मकान, भाई-बहन की मौत
दूसरी तरफ, इडुक्की के वट्टावाड़ा क्षेत्र स्थित कोट्टक्कम्बुर में लगातार बारिश के चलते भयानक लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी का मलबा सीधे एक घर पर आ गिरा, जिसके नीचे दबने से बालकृष्णन और उनकी बहन चिन्नू की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बालकृष्णन की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कहीं हादसे के दौरान बिजली का करंट लगने से मौत तो नहीं हुई।
Murder Case: एक महीने से लापता थी महिला, घर के सेप्टिक टैंक में मिला शव
अगले 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने केरल में 24 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए कोट्टायम और इडुक्की जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित किया गया है। इसके साथ ही तिरुवनंतपुरम, पथानामथिट्टा, एर्नाकुलम, वायनाड और कन्नूर जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए नदी किनारे और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

