शेफाली के शतक की मदद से महिला टीम फाइनल में, निशानेबाजों ने जीते दो रजत

Follow Us

नागोया। शेफाली वर्मा की नाबाद सेंचुरी और शानदार गेंदबाजी की बदौलत, मौजूदा चैंपियन भारत ने बंगलादेश को 81 रन पर ऑलआउट कर दिया और दूसरे सेमीफाइनल में 114 रनों से जबरदस्त जीत हासिल की। भारतीय निशानेबाजों ने दो रजत पदक जीते। हॉकी में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने शानदार जीत हासिल की। बैडमिंटन में भारतीय महिला टीम क्वार्टरफाइनल में पहुँच गयी। टेबल टेनिस में महिला टीम ने अपने ग्रुप ऍफ़ के दोनों मैच जीते।

महिला क्रिकेट में मंगलवार को होने वाले गोल्ड मेडल मैच में भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराया था। यह तीन साल पहले हुए फाइनल जैसा ही मुकाबला होगा।

एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल में जीते दो रजत
एलावेनिल वलारिवन ने वूमेंस 10 मीटर एयर राइफल इंडिविजुअल इवेंट में 252.4 का स्कोर करके सिल्वर मेडल जीता। वह जापान की हिनाता ताइची से 0.6 प्वाइंट पीछे रहीं। एशियन गेम्स में एलावेनिल का यह दूसरा सिल्वर मेडल था। इससे पहले उन्होंने सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के. के साथ मिलकर टीम इवेंट में दूसरा स्थान हासिल किया था। इंडिविजुअल फाइनल में भी शामिल सोनम 167.0 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहीं। सोनम उत्तम मस्कर (634.1), इलावेनिल वलारिवन (633.5) और विदर्सा (630.4) की तिकड़ी ने मिलकर 1898.0 का स्कोर किया, जिससे भारत ने एशियन गेम्स 2026 में वूमेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में अपना पहला मेडल जीता।

हॉकी: भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया
भारत ने पूल ए के अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर पुरुष हॉकी में अपने अभियान की शुरुआत की। दिलप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा चार गोल किए, जबकि शिलानंद लाकड़ा और सुखजीत सिंह ने दो-दो गोल किए। हरमनप्रीत सिंह, राजिंदर सिंह, मनदीप सिंह, जुगराज सिंह और अभिषेक ने भी गोल किए।

भारत ने पूल बी के पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदा
भारत ने पूल बी के अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान पर 19-0 की बड़ी जीत के साथ अपने महिला हॉकी अभियान की शुरुआत की। दीपिका सहरावत ने आठ गोल किए, जबकि इशिका ने भी हैट्रिक लगाई। लालरेमसियामी हमारजोटे, बलजीत कौर, नेहा, नवनीत कौर, लालथंतलुंगी और साक्षी राणा ने भी गोल किए।

बैडमिंटन: भारतीय महिला टीम क्वार्टर-फाइनल में पहुंची
भारत ने महिला टीम इवेंट के ‘राउंड ऑफ 16’ में कजाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा के शुरुआती दो मैच सीधे गेम में जीतने के बाद, तन्वी शर्मा ने डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराकर जीत पक्की की। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत का अगला मुकाबला 22 सितंबर को जापान से होगा। उन्नति हुड्डा ने एलिसा कुलेशोवा को 21-7, 21-10 से हराकर वूमेंस टीम इवेंट में कजाकिस्तान के खिलाफ भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। इससे पहले पीवी सिंधु ने कामिला स्मागुलोवा को 21-7, 21-9 से हराया था।

भारत की नई पीढ़ी कबड्डी में शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार

टेबल टेनिस :भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराया, ईरान ने भारत को 3-0 से हराया
यशस्विनी घोरपड़े ने कड़े मुकाबले वाले निर्णायक मैच में लॉय मिंग को 5-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-9 से हराकर भारत के लिए सिंगापुर के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत पक्की की। यशस्विनी ने इस टाई में अपने दोनों मैच जीते, जबकि श्रीजा अकुला ने अपना दूसरा मैच जीतकर भारत की उम्मीदें बनाए रखीं। दिन की शुरुआत में इंडोनेशिया पर जीत के साथ, भारत ने अब महिला टीम इवेंट में अपने ग्रुप ऍफ़ के दोनों मैच जीत लिए हैं। श्रीजा अकुला ने जियान जेंग को 3-1 से हराकर भारत का स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। यशस्विनी घोरपड़े ने 3-1 से जीत हासिल करते हुए भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन इसके बाद श्रीजा अकुला मिंग लॉय से 3-2 से और दिया चिताले झाओ टैन से 3-1 से हार गईं।

इस बीच पुरुष वर्ग में ईरान ने भारत को 3-0 से हराया। अलामीन ने पांचवें गेम में अपना खेल और बेहतर किया और हरमीत को 11-2 से हराकर मैच 3-2 से अपने नाम किया। इसका मतलब है कि ईरान ने ग्रुप ऍफ़ के इस मुकाबले में भारत को 3-0 से हरा दिया। नोशाद अलामीन ने मनुष शाह को 11-3, 11-8, 12-10 से हराया, बेन्यामिन फराजी ने मानव ठक्कर को 11-2, 11-6, 11-6 से हराया जबकि निमा अलामीन ने हरमीत देसाई को 12-10, 13-15, 11-3, 10-12, 11-2 से हराया।

PVR में No Cash Only UPI, वकील ने भेजा नोटिस

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स: वरुण सान्याल का एशियन गेम्स सफर क्वार्टर-फाइनल से पहले ही समाप्त
भारतीय एमएमए फाइटर वरुण सान्याल का एशियन गेम्स 2026 का सफर मेंस ट्रेडिशनल 77किग्रा कैटेगरी के क्वार्टर-फाइनल से पहले ही खत्म हो गया, क्योंकि उन्हें मेडिकल तौर पर अनफिट घोषित कर दिया गया और वे निश्चित वजन तक नहीं पहुंच सके। वजन कम करने की कोशिश के दौरान सान्याल को चक्कर आना, सिर घूमना, मांसपेशियों में ऐंठन और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। सान्याल को ये लक्षण तब महसूस हुए जब वे वजन कम करने के लिए सॉना लेने के बाद खाना-पीना कम किए हुए थे। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें अनफिट घोषित कर दिया और वे अपने तय मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाए।

सुचिका तरियाल ने एशियन गेम्स में भारत के लिए पक्का किया पहला मेडल
सुचिका तरियाल ने क्वार्टर-फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर 60 किग्रा इवेंट के सेमी-फाइनल में जगह बनाई और एशियन गेम्स में भारत के लिए अपना पहला मेडल पक्का किया। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स एशियन गेम्स 2026 में पहली बार शामिल हो रहा है।

तैराकी: ऋषभ दास पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में छठे स्थान पर रहे
भारत के ऋषभ दास ने टोक्यो एक्वेटिक्स सेंटर में पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में 54.77 सेकेंड के समय के साथ छठा स्थान हासिल किया। ऋषभ दास ने हीट 3 में तीसरा और कुल मिलाकर पांचवां स्थान हासिल करते हुए मेंस 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। उन्होंने यह रेस 54.85 सेकेंड में पूरी की। उनके साथी खिलाड़ी उत्कर्ष पाटिल ने 56.19 सेकेंड का समय लिया और हीट में छठे तथा कुल मिलाकर 12वें स्थान पर रहे।

भारत के रोहित बेनेडिक्टन मेंस 100 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट 5 में 50.25 सेकेंड का समय दर्ज करते हुए पांचवें स्थान पर रहे, जबकि आकाश मणि 50.85 सेकेंड के साथ आठवें स्थान पर रहे। दोनों में से कोई भी भारतीय खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाया, लेकिन रोहित बेनेडिक्टन कुल मिलाकर 12वें स्थान पर रहे।

टेकबॉल: ब्रॉन्ज मेडल जीतने से चूका भारत, अभियान समाप्त
मिक्स्ड डबल्स ब्रॉन्ज मेडल मैच में क्विंसी डिसूजा और मोहम्मद अनस इमरान बेग को वियतनाम के होआंग मिन्ह टैन गुयेन और जिया नघी ट्रिन्ह से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टेकबॉल में भारत का सफर बिना मेडल हासिल किए समाप्त हो गया। इससे पहले क्विंसी डिसूजा को वूमेंस सिंगल्स ब्रॉन्ज मेडल मैच में जापान की युइना सकामोटो से भी 2-0 से हार मिली थी।

वुशु में भारतीय खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन
एशियाई खेलों में आज भारतीय खिलाड़ियों ने वुशु में निराशाजनक प्रदर्शन किया। महिलाओं के 52किग्रा सांडा इवेंट में अपर्णा का अभियान प्री-क्वार्टर में खत्म हुआ। अपर्णा राउंड ऑफ 16 में ईरान की सोगंद सिंकाईचतान से 2-0 से हारकर बाहर हो गईं। विक्रांत बलियान पुरुषों के 75 किग्रा सांडा राउंड ऑफ 16 में सोहेल मौसवी (ईरान) से हार गए। मयांगलामबम सूरज सिंह चांगक्वान फाइनल में 9.683 स्कोर के साथ 11वें स्थान पर रहे। अपने तीसरे एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे सूरज सिंह जकार्ता 2018 में 10वें और हांगझोऊ 2023 में पांचवें स्थान पर रहे थे।