मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार पुल की दीवार तोड़कर नीचे जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की मुख्य वजह कार की अत्यधिक गति बताई जा रही है।
हादसा रविवार सुबह करीब 5:20 बजे लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास हुआ। बताया गया कि बीएमडब्ल्यू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और कोस्टल रोड के पुल की दीवार तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में सवार चार युवकों को उपचार के लिए नायर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शनाय गज्जल (21), धिर्या सेठ (17) और 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 20 वर्षीय युवक का उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना के जिम्मेदार कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के समय चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

