गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कलेक्टर कार्यालय की जनसंपर्क शाखा में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत कर्मचारी मोहम्मद इशराक जहांगीरी के साथ ज्योतिपुर तिराहे के पास मारपीट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल के साइलेंसर की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने कर्मचारी से बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, वह रात करीब 9:30 बजे कलेक्टर कार्यालय की जनसंपर्क शाखा में काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से ग्राम टीकरकला स्थित अपने घर लौट रहा था। ज्योतिपुर तिराहे के पास निहाल भरिया और उसका एक साथी मिला। साइलेंसर की तेज आवाज को लेकर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
‘छात्रों की गूंज’ पर बढ़ा विवाद, राहुल के समर्थन में कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
इसके बाद निहाल भरिया ने बेल्ट से उसकी पीठ और चेहरे पर हमला किया, जबकि उसके साथी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट में पीड़ित की पीठ और बाएं गाल में चोट आई। मौके पर मौजूद आकाश तिवारी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0413/26 दर्ज करते हुए निहाल भरिया और उसके एक साथी के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।
गौरतलब है कि ज्योतिपुर तिराहे के आसपास लगातार घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता है। करीब चार दिन पहले इसी क्षेत्र में एक छात्रा को चलती बाइक से युवकों द्वारा डंडे से मारने की घटना भी सामने आई थी। लगातार घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
भारत की बढ़ती रफ्तार से अमेरिका परेशान, इसलिए लगा रहा टैरिफ: केदार गुप्ता
