कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-149 बी उरगा-चांपा मार्ग पर मवेशियों के जमावड़े से वाहन चालकों के सामने लगातार परेशानी बनी हुई है। पताढ़ी, पहंदा से लेकर सरगबुंदिया, मड़वारानी, कोथारी, पचपेड़ी और जमनीपाली टोल नाका तक कई स्थानों पर सड़क पर मवेशियों के झुंड नजर आ रहे हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। सड़क पर मवेशियों के जमावड़े और दुर्घटनाओं को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान भी चिंता जताई गई थी और इस संबंध में रोड मैप प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
करीब एक साल बीतने के बाद भी उरगा-चांपा मार्ग की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को सरगबुंदिया के पास फोरलेन पर दर्जनों गाय-बैल घूमते दिखाई दिए, जिससे वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ा। मवेशियों की मौजूदगी पताढ़ी से उरगा तक भी देखी गई। दिन के समय चालक किसी तरह वाहनों को नियंत्रित कर निकल जाते हैं, लेकिन शाम और रात के वक्त यही स्थिति अधिक जोखिम पैदा कर सकती है।
मवेशियों के कारण बनी इस समस्या ने एनएचएआई की नियमित पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इसे लेकर नाराजगी है और उनका कहना है कि टोल टैक्स वसूले जाने वाले मार्ग को मवेशियों से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। लोगों का सवाल है कि आखिर इस मार्ग को मवेशी मुक्त करने के लिए जिम्मेदार एजेंसी कब ठोस कार्रवाई करेगी। लगातार बनी रही स्थिति से भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
