51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, प्रधानमंत्री ने कहा—युवाओं की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना सरकारी सेवा का दायित्व

Follow Us

प्रधानमंत्री ने 20वें रोजगार मेले में युवाओं को दी बधाई, कहा—2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवा निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया। इस अवसर पर देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री ने नियुक्ति पाने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन की नई शुरुआत है और इसके पीछे युवाओं की मेहनत के साथ उनके माता-पिता तथा परिवारजनों का योगदान भी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज युवा ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूत करने वाले निर्णय लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते अन्य युवाओं के प्रति उनकी विशेष जिम्मेदारी है।

दुनिया में भारतीय युवाओं के कौशल की पहचान
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को भारत के नवोन्मेषकों, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें हैं। हाल ही में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास है कि ब्रिक्स सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि उद्यमी, किसान, महिलाएं और युवा भी इस साझेदारी के सक्रिय भागीदार बनें। इसी सोच के साथ ब्रिक्स कनेक्ट और ब्रिक्स एमएसएमई सहयोग पोर्टल जैसी पहल की गई हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इन समझौतों से भारतीय उद्यमियों के लिए नए बाजार और साझेदारी के अवसर खुल रहे हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार और करियर की नई संभावनाएं बन रही हैं।

कौशल विकास पर सरकार का जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने पर जोर दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल भारत मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और प्रशिक्षुता को बढ़ावा देने जैसी पहल इसी दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री-सेतु योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से एक हजार सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आधुनिक बनाया जा रहा है। इसमें उद्योग जगत की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि युवाओं की शिक्षा और कौशल बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप हो।

सेवा संकल्प अभियान में छात्राओं ने दिया अधिकार, कर्तव्य और जनभागीदारी का संदेश

छोटे शहरों में भी बढ़ रहा स्टार्टअप का दायरा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र है। इसकी विशेषता यह है कि स्टार्टअप की गतिविधियां अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं। करीब आधे मान्यता प्राप्त स्टार्टअप दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों में हैं। उन्होंने कहा कि गांवों, कस्बों और छोटे शहरों के युवा अपने विचारों पर काम कर रहे हैं, नई कंपनियां बना रहे हैं और अपने साथ दूसरे युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहे हैं।

दो करोड़ युवाओं को पहली बार रोजगार का अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना पर करीब एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से करीब दो करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। वहीं नए रोजगार पैदा करने वाले नियोक्ताओं को भी सरकार प्रोत्साहित कर रही है।

आर्थिक वृद्धि से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए नए अवसर तभी पैदा होते हैं, जब अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है, निवेश बढ़ता है, नए उद्योग स्थापित होते हैं और नए क्षेत्रों का विस्तार होता है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है और निवेश में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति के पीछे पिछले वर्षों में किए गए सुधारों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों से कर और अनुपालन व्यवस्था को सरल बनाने, कारोबार सुगमता बढ़ाने, शिक्षा और कौशल विकास में सुधार तथा नए क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सुधारों को गति देने का आह्वान किया।

कैंसर से जंग में सामूहिक प्रयास जरूरी, मुख्यमंत्री साय ने किया BMC कैंसर कॉन्क्लेव का शुभारंभ

हर सरकारी निर्णय युवा आकांक्षाओं को आगे बढ़ाए
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारी के रूप में युवाओं की जिम्मेदारी है कि उनका हर निर्णय देश के युवाओं की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने वाला हो। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में आने के बाद नवनियुक्त कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जिन परेशानियों का सामना उन्हें या उनके माता-पिता को करना पड़ा, वैसी कठिनाइयों से देश के अन्य नागरिकों को न गुजरना पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं के रास्ते की बाधाएं दूर होनी चाहिए, उनके विचारों को आगे बढ़ाने के अवसर मिलने चाहिए और नवाचार से निवेश तथा निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा होने चाहिए।

तकनीक और निरंतर सीखने पर जोर
प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से लगातार अपनी दक्षता बढ़ाने और नई तकनीक तथा नई व्यवस्थाओं को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मिशन कर्मयोगी इसी उद्देश्य को पूरा करने में मदद कर रहा है। आईजीओटी कर्मयोगी मंच से अब तक एक करोड़ 70 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी जुड़ चुके हैं। नए कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से कर्मयोगी प्रारंभ तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी जितना स्वयं को बेहतर बनाएंगे, उतना ही बेहतर तरीके से देश के नागरिकों की सेवा कर सकेंगे।

‘नागरिक देवो भव हो सरकारी सेवा का मंत्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की वास्तविक ताकत देश के नागरिकों का विश्वास है। किसी भी मंत्रालय या विभाग में काम करने वाले कर्मचारी का काम किसी न किसी रूप में आम नागरिक के जीवन को प्रभावित करता है। किसी बुजुर्ग की पेंशन, विद्यार्थी की छात्रवृत्ति या किसान को मिलने वाली सुविधा सरकारी कर्मचारियों के काम से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि संभव है किसी नागरिक के लिए सरकारी कर्मचारी ही सरकार का चेहरा हो। ऐसे में कर्मचारी का व्यवहार, संवेदनशीलता, कार्यकुशलता और ईमानदारी यह तय करते हैं कि नागरिक का सरकार के साथ अनुभव कैसा रहेगा।

‘चिरायु योजना’ ने धमतरी के भाव्यांश को दिया नया जीवन

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में मंत्र होना चाहिए—नागरिक देवो भव। उन्होंने कहा कि नागरिक की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है और सरकारी कर्मचारी की सफलता तब और बड़ी होती है, जब उसके काम से किसी नागरिक का जीवन आसान बनता है।अंत में प्रधानमंत्री ने सभी नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे कर्तव्य और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।