कबीरधाम में पुलिस का बड़ा एक्शन, एक ही रात में शराब से जुड़े 40 मामले दर्ज

Follow Us

कवर्धा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने 18 सितंबर की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और लोगों को अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराने या पिलाने की सुविधा देने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कुल 40 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में हुई कार्रवाई में सिटी कोतवाली क्षेत्र में 30, पिपरिया में 6, कुण्डा में 3 और रेगाखार में 1 मामला दर्ज किया गया।

सिटी कोतवाली पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में रायपुर रोड, नया बस स्टैंड, छिरहा रोड, राजनांदगांव रोड, ट्रांसपोर्ट नगर सहित कई जगहों पर कार्रवाई की। इस दौरान एक ही रात में 30 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने के मामले शामिल हैं। सरोधा डेम के पास अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में कमलेश साहू के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पिपरिया पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 6 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई बिरकोना रोड गेट, नहर पारा पानी टंकी, ग्राम लोचन, देवरी पुलिया और कॉलेज रोड नहर पार सहित अन्य जगहों पर की गई। कुण्डा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामले में 3 प्रकरण दर्ज किए, जबकि रेगाखार पुलिस ने संगम चौक रेंगाखार में सार्वजनिक रूप से शराब पीने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा और अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।