एचटीपीएस में ओजोन संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प

Follow Us

कोरबा। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने ओजोन परत को पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच बताते हुए इसके संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि ओजोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों के बड़े हिस्से को रोककर पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। ऐसे में ओजोन को नुकसान पहुंचाने वाले रसायनों के उत्सर्जन को नियंत्रित करने और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने की जरूरत है।

16 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, केएनबी राव, एके शाह और एसके नायर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पाली रसायनज्ञ प्रदीप देवांगन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए ओजोन परत को होने वाले नुकसान और उसके बचाव के उपायों की जानकारी दी। वर्ष 2026 की थीम ‘शीतित ग्रह के लिए वैश्विक कार्रवाई’ रखी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी तथा ओजोन संरक्षण विषय पर नारा प्रतियोगिता भी कराई गई। प्रतियोगिता में आलोक कुमार रात्रे, मनोज पटेल और सूर्य प्रकाश जायसवाल विजेता रहे, जिन्हें कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का समन्वय और संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उईके ने किया।