रायपुर । पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में सूने मकान का शटर काटकर लाखों के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, नगदी और घटना में प्रयुक्त बुलेट सहित करीब 3.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त को वह घर में ताला लगाकर बाहर गया था। 31 अगस्त को काम वाली बाई ने शटर कटा होने और सामान बिखरा होने की सूचना दी। 1 सितंबर को वापस आने पर अलमारी से चांदी की ईंट, सोने-चांदी के जेवर, सोने के सिक्के, चेन, ब्रेसलेट, मोती का हार, मोबाइल सहित सामान चोरी होना पाया गया। रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्र. 457/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी पश्चिम रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर एंटी क्राइम और थाना पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूर्व में चोरी के मामलों में जेल से छूटे आरोपियों पर निगरानी रखी। इसी दौरान थाना पुरानी बस्ती के निगरानी बदमाश भूपेन्द्र उर्फ गजनी के घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की सूचना मिली।
पुलिस का असामाजिक तत्वों पर शिकंजा, 2 दिन में 10 बदमाश गिरफ्तार,
पकड़कर पूछताछ करने पर भूपेन्द्र उर्फ गजनी ने अपने साथी करण ताण्डी के साथ चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी का माल जब्त किया। आरोपी भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी (26) निवासी दंतेश्वरी चौक गोपियापारा पर पहले से नकबजनी-चोरी के 4 मामले दर्ज हैं, वहीं करण ताण्डी (24) निवासी कुशालपुर पर भी चोरी के 2 मामले में पूर्व में जेल जा चुका है।
