कोरिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 1 लाख 21 हजार 300 से अधिक दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। शाम 7 बजे गांव से शहर तक विभिन्न स्थानों पर एक साथ दीप जलाए जाएंगे। जिला स्तरीय आयोजन बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत ओडगी स्थित ओपन थिएटर झुमका में होगा, जहां 10 हजार दीयों से परिसर रोशन किया जाएगा।
जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, अमृत सरोवरों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन होगा। बैकुंठपुर और सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्रों के साथ बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और पटना नगरीय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम होंगे। ग्राम पंचायतों में 500-500 दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा अमृत सरोवरों, प्रमुख स्थलों तथा शासकीय-अशासकीय संस्थानों, निगम, मंडल और बोर्ड के कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से जिलेवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
प्रशासन ने इसे सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना से जुड़ा आयोजन बताया है। एक दीया घर में जलाने की अपील कलेक्टर रोक्तिमा यादव और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास ने जिलेवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों सहित सभी वर्गों के नागरिकों से 17 सितंबर को अपने घर में आभार के रूप में एक दीया प्रज्वलित करने का आग्रह किया है।
