बलौदाबाजार-भाटापारा। पति के निधन के बाद गहरे सदमे में एक महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की भाटापारा ग्रामीण बाज-2 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में महिला को बिना देरी किए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद महिला की स्थिति में सुधार हुआ और उसे खतरे से बाहर बताया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात करीब 9:16 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को महिला के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही 112 ईआरवी टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और महिला को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान आरक्षक क्रमांक 608 रूपेश बघेल और चालक मनमोहन दास चेलक की तत्परता की सराहना की गई। महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए पुलिस और डायल 112 टीम का आभार जताया।
