बेटे से सच्चा प्यार करती हो तो फांसी लगा लो’…17 साल की छात्रा ने उठा लिया खौफनाक कदम

Follow Us

अहमदाबाद । गुजरात के अहमदाबाद शहर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 17 साल की एक नाबालिग छात्रा ने खुदकुशी कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के संगीन आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने अपने बेटे के साथ प्रेम संबंध को लेकर नाबालिग लड़की को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उसे यहां तक कह डाला कि अगर वह उसके बेटे से सच में प्यार करती है तो फांसी लगाकर जान दे दे। इस ताने और दबाव से आहत होकर छात्रा ने 31 अगस्त को अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी।

सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर BNS की धारा 107 में केस
सरखेज थाने के पुलिस इंस्पेक्टर एल.एल. चावड़ा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान नेहा गोहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद 13 सितंबर को आरोपी महिला को सलाखों के पीछे भेजा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 107 (नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

एक ही क्लास में पढ़ते थे दोनों, समझाने पर भी नहीं टूटी बातचीत
मृतक छात्रा के पिता की ओर से दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी और आरोपी महिला का बेटा एक ही स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। दोनों पिछले काफी समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे और क्लास के अलावा फोन पर भी लगातार बातें करते थे। करीब तीन महीने पहले जब लड़की के परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने लड़के के घर जाकर उसे समझाया-बुझाया और दोनों से अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। इसके बावजूद दोनों का संपर्क बना रहा।

कैलाश हिल्स हत्याकांड: पत्नी की बातों को ज्यादा तवज्जो देने से नाराज था डॉक्टर, चार्जशीट में सामने आई विवाद की वजह

स्कूल ग्राउंड में बैठे देख प्रिंसिपल ने माता-पिता को बुलाया
विवाद उस वक्त गहरा गया जब दोनों छात्र स्कूल के ग्राउंड में एक साथ बैठे नजर आए। स्कूल के प्रिंसिपल की नजर जब दोनों पर पड़ी, तो उन्होंने दोनों के माता-पिता को तुरंत स्कूल तलब कर लिया। प्रिंसिपल ने दोनों परिवारों के सामने इस मामले को रखा, जिससे लड़के की मां भड़क गई। स्कूल से निकलने के बाद लड़के की मां नेहा गोहिल सीधे लड़की के घर जा पहुंची और वहां जमकर हंगामा खड़ा कर दिया।

‘मर जाओगी तो तुम्हारे मां-बाप का ख्याल रखूंगी’; घर आकर दिया खौफनाक ताना
पीड़िता के पिता ने अपनी शिकायत में रोते हुए बयान दिया कि आरोपी महिला ने उनके घर में घुसकर उनकी 17 वर्षीय बेटी को बुरी तरह जलील और मानसिक रूप से टॉर्चर किया। महिला ने लड़की को उकसाते हुए ताना मारा, “अगर मेरे बेटे से सच्चा प्यार करती हो, तो अपने आपको फांसी लगा लो… तुम्हारे मरने के बाद मैं तुम्हारे मां-बाप का ख्याल रख लूंगी।” इस जहरीली बात और अपमान को नाबालिग लड़की सहन नहीं कर सकी और उसने मौत को गले लगा लिया। पुलिस अब मामले में अन्य साक्ष्य जुटाकर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।