पुतिन की ‘सुपरपावर सेल्फी’ वायरल, BRICS नेताओं की तस्वीर ने सोशल मीडिया पर बढ़ाई चर्चा

Follow Us

नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के प्रमुख नेता एक साथ नजर आए। सम्मेलन में अलग-अलग वैश्विक और भू-राजनीतिक मुद्दों के बीच सदस्य देशों ने साझा घोषणापत्र को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले की सामूहिक निंदा कराने में भी सफलता हासिल की। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक खास तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा है, जिसे ‘सुपरपावर सेल्फी’ कहा जा रहा है।

वायरल तस्वीर में पुतिन को सेल्फी लेते हुए दिखाया गया है और उनके साथ पीएम मोदी, शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह कोई वास्तविक कैमरे से ली गई तस्वीर नहीं, बल्कि AI की मदद से तैयार की गई तस्वीर बताई जा रही है। तस्वीर को दक्षिण अफ्रीका स्थित रूसी दूतावास की ओर से साझा किए जाने की बात कही गई है।

AI से तैयार इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर BRICS देशों की एकजुटता और वैश्विक प्रभाव के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ लोग इसे अमेरिका की नीतियों के बीच रूस की ओर से दिए गए संदेश के रूप में भी देख रहे हैं। रूस और ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों के अलावा भारत और चीन के साथ व्यापारिक नीतियों को लेकर भी अमेरिका के मतभेद रहे हैं। BRICS के विस्तार के बाद संगठन में शामिल उभरती अर्थव्यवस्थाओं की भूमिका बढ़ी है और यह समूह आर्थिक सहयोग के लिए वैकल्पिक मंच के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। सम्मेलन के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS को वैश्विक समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने वाला मंच बताया। सम्मेलन से इतर पीएम मोदी ने कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ मुलाकात भी की, जिसे भारत की सक्रिय कूटनीतिक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया।