मुंबई में बप्पा की भक्ति में डूबा शहर, गणेशोत्सव के बीच पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही मुंबई में जगह-जगह धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों और सार्वजनिक मंडपों में गणपति प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। सुबह से ही शहर में ढोल-ताशों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों की आवाज सुनाई दे रही है। लालबाग, परेल, गिरगांव, अंधेरी, चेंबूर और फोर्ट जैसे इलाकों में पंडालों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। वहीं गणेश पूजा से जुड़ी खरीदारी के लिए दादर, क्रॉफर्ड मार्केट और लोहार चॉल सहित प्रमुख बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही।

लालबाग के प्रसिद्ध गणपति मंडल इस उत्सव में खास आकर्षण बने हुए हैं। लालबागचा राजा, चिंचपोकली, गणेश गली और तेजुकाया मंडलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। माटुंगा के GSB सेवा मंडल में गणपति को सोने के आभूषणों से सजाया गया है और इनकी सुरक्षा के लिए बीमा भी कराया गया है। इस बीच मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 16,800 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर उम्मीद जताई कि भगवान गणेश का आशीर्वाद लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा। उन्होंने सभी के प्रयासों की सफलता और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की। प्रधानमंत्री की ओर से आदि शंकराचार्य रचित ‘गणेश पञ्चरत्नम्’ का पहला श्लोक भी साझा किया गया।