रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोमवार से मानसून की सक्रियता कुछ कम होने की संभावना है, जिससे लगातार बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है और सामान्य से करीब 4 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। 14 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने का अनुमान है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रायपुर में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा।
रायपुर में सोमवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटे में बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली और कोंटा में 8-8 सेमी, कटेकल्याण में 7 सेमी, सुकमा में 6 सेमी तथा फरसगांव, कुटरू और साल्हेवार में 5-5 सेमी बारिश हुई। बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई जगहों पर 3-3 सेमी बारिश हुई।
