शाम की चाय के साथ खाएं खट्टा-मीठा चटपटा नमकीन, स्वाद ऐसा कि सब पूछेंगे रेसिपी

Follow Us

शाम की चाय का मजा तब और बढ़ जाता है, जब साथ में कुछ कुरकुरा, चटपटा और स्वादिष्ट खाने को मिल जाए। बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद नमकीन में तेल और प्रिजर्वेटिव्स को लेकर अगर आप भी सतर्क रहते हैं, तो घर पर ही स्वादिष्ट नमकीन तैयार कर सकते हैं।आज हम बनाएंगे पोहा, मखाने, मूंगफली और चटपटे मसालों से तैयार खट्टा-मीठा नमकीन। इसे बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद बाजार में मिलने वाले नमकीन जैसा ही चटपटा और कुरकुरा होता है। घर पर बनाने का फायदा यह भी है कि आप अपनी पसंद के अनुसार मसालों और सामग्री की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं।

तो चलिए जानते हैं इस स्वादिष्ट और झटपट तैयार होने वाली नमकीन की आसान रेसिपी।

सामग्री
0 पतला पोहा – 2 कप
0 मखाने – 1 कप
0 मूंगफली – ½ कप
0 भुना चना – ½ कप
0 काजू – ¼ कप
0 किशमिश – 2 बड़े चम्मच
0 तेल – 2 बड़े चम्मच
 0 करी पत्ता – 10-12
0 हरी मिर्च – 2, बारीक कटी हुई
0 हल्दी – ½ छोटा चम्मच
 0 लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
 0 धनिया पाउडर – ½ छोटा चम्मच
 0 अमचूर पाउडर – 1 छोटा चम्मच
 0 काला नमक – ½ छोटा चम्मच
 0 साधारण नमक – स्वादानुसार
 0 चीनी या पिसी हुई शक्कर – 1-1½ छोटा चम्मच
 0 हींग – 1 चुटकी
 0 चाट मसाला – ½ छोटा चम्मच

जिम जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान, सही कपड़े बनेंगे बेहतर विकल्प

बनाने की विधि
1. सबसे पहले एक बड़ी कड़ाही को धीमी-मध्यम आंच पर गर्म करें। इसमें पोहा डालकर लगातार चलाते हुए करीब 4-5 मिनट तक भूनें। जब     पोहा हल्का कुरकुरा हो जाए तो इसे एक प्लेट में निकाल लें।

2. अब उसी कड़ाही में 1 छोटा चम्मच तेल डालें और मखानों को 4-5 मिनट तक भूनें। इसके बाद मूंगफली, भुना चना और काजू डालकर            सुनहरा और कुरकुरा होने तक भून लें।

3. अब बचा हुआ तेल कड़ाही में डालें। इसमें हींग, करी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। गैस धीमी कर दें और हल्दी,      लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और काला नमक डालें। मसालों को कुछ सेकंड ही भूनें, ताकि वे जलें नहीं।

4. अब इसमें भुना हुआ पोहा, मखाने, मूंगफली, भुना चना और काजू डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद गैस बंद कर दें।

5. अब अमचूर पाउडर, चाट मसाला और पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह टॉस करें। अंत में किशमिश डालें और सभी सामग्री को अच्छी        तरह मिला लें।

6. नमकीन को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें।

हल्दीराम जैसा स्वाद पाने की छोटी-सी ट्रिक
नमकीन में खट्टे और मीठे स्वाद का सही संतुलन बनाए रखने के लिए अमचूर पाउडर और चीनी को गैस बंद करने के बाद ही डालें। इससे मसालों का स्वाद ज्यादा अच्छा बना रहता है। अगर आपको थोड़ा और चटपटा स्वाद पसंद है, तो इसमें 1-2 चुटकी अनारदाना पाउडर भी मिला सकते हैं।इस तरह घर पर ही तैयार हो जाएगा कुरकुरा, खट्टा-मीठा और चटपटा नमकीन, जिसे आप शाम की चाय के साथ परिवार के साथ आराम से एंजॉय कर सकते हैं।