रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी। यह जर्जर मकान सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है, जिसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है। हिस्सा गिरने से पहले दुकानदार और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। दिन में इस इलाके में काफी भीड़ रहती है, ऐसे में देर रात हादसा होने के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया।
दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो दिन पहले ही प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर जर्जर भवनों को लेकर जरूरी निर्देश दिए थे। उन्होंने जोखिम वाले भवनों की पहचान कर उन्हें हटाने और अपने-अपने क्षेत्रों में उनकी नियमित निगरानी करने को कहा था। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया था कि जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इधर, नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के अनुसार, संबंधित मकान पहले से ही काफी जर्जर था और भवन मालिक को निगम की ओर से नोटिस भी दिया जा चुका था। घटना के बाद निगम की टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू कर दिया और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस ने लोगों से जर्जर भवन के आसपास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न हो, इसलिए इलाके में सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल नगर निगम जोन अध्यक्ष और निगम की टीम मौके पर मौजूद हैं। मलबा हटाने के साथ आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।
