कुत्ते की गंदगी को लेकर विवाद, कॉलेज छात्रा के सिर पर लोहे की रॉड से हमला

Follow Us

रायपुर । राजधानी रायपुर के सरस्वतीनगर थाना क्षेत्र के भवानी नगर कोटा में कुत्ते द्वारा घर के सामने गंदगी करने को लेकर हुए विवाद में एक कॉलेज छात्रा पर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्रा के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, भवानी नगर कोटा निवासी मनीषा दास (19) बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वह कॉलेज जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसने देखा कि पड़ोसी जयपाल पटेल का पालतू कुत्ता उसके घर की सीढिय़ों के पास गंदगी कर गया है।

मनीषा ने जयपाल पटेल के बेटे जागेश्वर पटेल से गंदगी साफ करने और कुत्ते को बांधकर रखने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जागेश्वर ने छात्रा से गाली-गलौज की। विवाद बढऩे पर जयपाल पटेल अपने दोनों बेटों जागेश्वर और वंश पटेल के साथ मौके पर पहुंचा।आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए मनीषा के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई और बेहोश हो गई।

शोर सुनकर मनीषा की बहन चित्रा दास बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। उसके हाथ में चोट आई है। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह विवाद शांत कराया।घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। इसके बाद घायल छात्रा को उपचार के लिए रायपुर एम्स ले जाया गया। पीडि़ता की शिकायत पर सरस्वतीनगर पुलिस ने जयपाल पटेल और उसके दोनों बेटों जागेश्वर पटेल व वंश पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।