बिलासपुर । नेपाल में आई आपदा के बीच छत्तीसगढ़ के कई लोगों के लापता होने की खबरों के बीच बिलासपुर की एक महिला मंजू रॉय चौधरी के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। राजकिशोर नगर निवासी मंजू से संपर्क टूटने के बाद परिजन चिंतित हैं। मामले की जानकारी मिलने पर बिलासपुर जिला प्रशासन ने भी उनकी पतासाजी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार मंजू रॉय चौधरी 21 अगस्त को कोलकाता से करीब 30 लोगों के दल के साथ नेपाल के लिए रवाना हुई थीं। उनका नेपाल में प्रवास 3 सितंबर तक निर्धारित था। नेपाल में आपदा की स्थिति बनने के बाद से परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
बताया गया है कि मंजू बिलासपुर के राजकिशोर नगर में अकेले रहती थीं, जबकि उनके अन्य परिजन कोलकाता में निवास करते हैं। परिजनों के पास नेपाल यात्रा पर गए समूह के अन्य सदस्यों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मंजू के संबंध में जानकारी जुटाना परिजनों के लिए मुश्किल हो रहा है। महिला से संपर्क टूटने की सूचना के बाद परिजनों की चिंता को देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी जानकारी जुटाने और नेपाल में संबंधित स्तर पर संपर्क स्थापित करने के प्रयास शुरू किए हैं। प्रशासन की ओर से मंजू रॉय चौधरी की सुरक्षित वापसी और उनके संबंध में जल्द जानकारी मिलने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
