लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित एक लिफाफा वितरण कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर महिलाओं को कथित तौर पर 11 हजार रुपये का वादा कर 1100 रुपये देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले को ‘राखी घोटाला’ बताते हुए तीखा हमला बोला। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि, महिलाओं को 11 हजार रुपये मिलने की उम्मीद से कार्यक्रम में बुलाया गया, लेकिन उन्हें कम राशि वाले लिफाफे दिए गए।
नेपाल बाढ़ त्रासदी पर खड़गे की अपील, पीएम मोदी -अमित शाह से तत्काल मदद की मांग
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, पार्टी कार्यालय के भीतर ही राशि में गड़बड़ी हुई होगी और अखिलेश यादव से इस पर जवाब देने की मांग की। अपने बयान में राजभर ने कहा कि, त्योहार जैसे अवसर पर महिलाओं के सम्मान के साथ किसी तरह का भ्रम पैदा नहीं होना चाहिए। उन्होंने पार्टी के अंदरूनी लोगों पर भी तंज कसते हुए कहा कि, ऐसे लोग नेतृत्व की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक समाजवादी पार्टी की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। यह मामला अब राजनीतिक बयानबाजी के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
