फर्जी कॉल से डिजिटल अरेस्ट तक… साइबर ठगों की हर चाल का खुलासा, व्यापारियों को पुलिस ने किया अलर्ट

Follow Us

जगदलपुर। बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने और व्यापारियों को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से बस्तर पुलिस और बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को चेम्बर भवन में “साइबर जागृति अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, सीएसपी सुमित कुमार धोत्रे, साइबर सेल निरीक्षक गौरव तिवारी तथा कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने साइबर ठगी के बदलते तरीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फर्जी कॉल, ओटीपी, यूपीआई भुगतान, केवाईसी अपडेट, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया और डिजिटल अरेस्ट जैसे हथकंडों से लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने और किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी पुष्टि करने की अपील की।

करैत के डंस और ब्रेन मलेरिया से जूझ रहे मासूम को मेकाज के डॉक्टरों ने बचाया, अब खतरे से बाहर

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को विशेष रूप से आगाह किया कि केवल पेमेंट का स्क्रीनशॉट देखकर किसी ग्राहक को सामान न दें, बल्कि बैंक या यूपीआई ऐप में स्वयं भुगतान की पुष्टि करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैसा प्राप्त करने के लिए कभी भी यूपीआई पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति क्यूआर कोड स्कैन कर पिन डालने के लिए कहे तो सतर्क रहें। साथ ही मोबाइल में आने वाले एपीके फाइल, फर्जी चालान, जीएसटी नोटिस या ऑर्डर के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करे और डिजिटल अरेस्ट या खाते बंद करने का डर दिखाकर पैसे मांगे, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेम्बर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल बोथरा ने की। इस दौरान जूनियर चेम्बर, इनरव्हील क्लब, जेसीआई सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंत्री गजेंद्र चांडक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष राजकुमार दंडवानी ने किया।