बीजापुर। लगातार हो रही बारिश के चलते जिले की नदी-नालियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच तहसील बीजापुर के ग्राम चिन्नाकवाली के पास चिंतावागु नदी में नगर सेना की टीम ने मोर्चा संभालते हुए बोट के जरिए ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार कराया। नदी में तेज बहाव के कारण ग्रामीणों के लिए दूसरी ओर जाना मुश्किल हो गया था। ऐसे में नगर सेना के जवानों ने बोट की मदद से लोगों को सुरक्षित दूसरे छोर तक पहुंचाया। इस दौरान अस्वस्थ व्यक्तियों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें भी सुरक्षित तरीके से नदी पार कराया गया, ताकि वे समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार तक पहुंच सकें।
नगर सेना के जवानों ने तेज बहाव के बीच पूरी सतर्कता के साथ बोट का संचालन किया। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। बारिश के मौसम में इस तरह के इलाकों में आवागमन बाधित होने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और राहत-बचाव दलों को लगातार सक्रिय रखा गया है। चिन्नाकवाली के पास चिंतावागु नदी पर नगर सेना की यह पहल मुश्किल हालात में प्रशासन की सक्रियता और ग्रामीणों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ग्रामीणों ने संकट के समय मदद पहुंचाने के लिए नगर सेना के जवानों के प्रति आभार जताया।
