रायपुर । रायपुर पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है। मंदिर हसौद क्षेत्र में लावारिस अवस्था में मिले करीब 10 दिन के नवजात शिशु को डायल-112 टीम ने समय रहते सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। पुलिस अब नवजात को छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:37 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मंदिर हसौद पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच के बाद शिशु को शिशु वार्ड में भर्ती कर आवश्यक उपचार और देखभाल शुरू कर दी गई।
इस मानवीय कार्य में टाइगर वन, मंदिर हसौद के पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव एवं चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने कर्तव्य के साथ संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मासूम की जान बचाने में अहम योगदान दिया। RNS NEWS इन दोनों जवानों की त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की सराहना करता है। ऐसे कार्य यह संदेश देते हैं कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की संरक्षक ही नहीं, बल्कि मानवता की भी सच्ची प्रहरी है।
पुलिस नवजात शिशु को लावारिस छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान और मामले की जांच कर रही है। साथ ही शिशु की सुरक्षा एवं उचित देखभाल के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक सूचना भी दे दी गई है।
