बाढ़ से बचाव के लिए बिंजली डेम में मॉक ड्रिल, नगर सेना ने परखी तैयारियां

Follow Us

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को जिला मुख्यालय के समीप बिंजली डेम में आपदा प्रबंधन के तहत मॉक ड्रिल आयोजित की गई। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर आयोजित मॉक ड्रिल में नगर सेना के जवानों ने बाढ़ की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।

इस दौरान राजस्व, पुलिस, वन, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका और जनपद पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।जिला नगर सेनानी मनोहर लाल चौहान ने बताया कि मानसून के दौरान बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना पूरी तरह मुस्तैद है और आपदा प्रबंधन के तहत आवश्यक बचाव सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बाढ़ बचाव कार्य के लिए एक एल्युमिनियम बोट उपलब्ध है, जिसके माध्यम से एक बार में 10 से 12 लोगों को रेस्क्यू किया जा सकता है। मॉक ड्रिल के जरिए आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित बचाव कार्रवाई की तैयारियों का भी अभ्यास किया गया।


Read more:- बलौदाबाजार में 200 बिस्तर के ईएसआईसी अस्पताल की स्थापना को लेकर वर्मा ने की मांडविया से चर्चा


इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, खाद्य अधिकारी अल्लाहउद्दीन खान सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।