मुंबई। यूट्यूबर और रियलिटी शो स्टार एल्विश यादव अब अपने करियर में एक नया कदम बढ़ाने जा रहे हैं। एल्विश बॉलीवुड में बतौर अभिनेता डेब्यू करने की तैयारी में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नई फिल्म का जिक्र करते हुए फैंस के साथ अपनी खुशी साझा की और इस सफर में मिले प्यार और समर्थन के लिए उनका आभार जताया।
एल्विश ने भावुक अंदाज में बताया कि वह इंडस्ट्री से बाहर से आए हैं और बॉलीवुड में उनका कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था। उनके मुताबिक, फैंस के लगातार सपोर्ट ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है। इसी प्यार को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने फैंस से आगे भी अपना समर्थन बनाए रखने की अपील की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एल्विश ‘मालामाल वीकली 2’ में नजर आ सकते हैं। फिल्म में उनके साथ रितेश देशमुख, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे। एल्विश के बॉलीवुड डेब्यू की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब दर्शकों को उनके बड़े पर्दे वाले अंदाज का इंतजार है।
