रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर तिरंगा फहराएंगे। समारोह को लेकर आज पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल की जा रही है। इसमें परेड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
० 17 टोलियां दिखाएंगी कदमताल
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की परेड में कुल 17 टोलियां शामिल होंगी। बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी की टुकडिय़ां परेड में शामिल होकर सलामी देंगी। पहली बार बिहार पुलिस की टोली भी राजधानी के स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में कदमताल करती नजर आएगी। इनके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकडिय़ां, जेल पुलिस, नगर सेना और एनसीसी की टुकडिय़ां भी परेड का हिस्सा रहेंगी।
० घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड खास आकर्षण
इस बार समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड द्वारा विशेष कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि घुड़सवार दल अपनी प्रस्तुति से समारोह में रोमांच बढ़ाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल में इन प्रस्तुतियों का भी अभ्यास किया जा रहा है।
० आईपीएस विमल कुमार पाठक संभालेंगे परेड की कमान
स्वतंत्रता दिवस की मुख्य परेड की कमान आईपीएस विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वहीं निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2आईसी की जिम्मेदारी निभाएंगे। रिहर्सल के दौरान सभी टुकडिय़ां निर्धारित क्रम, अनुशासन और सलामी की प्रक्रिया का बारीकी से अभ्यास कर रही हैं।
० सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक अंतिम तैयारी
मुख्य समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। समारोह स्थल पर प्रवेश, यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि 15 अगस्त का समारोह भव्यता के साथ-साथ अनुशासन और सुरक्षा के लिहाज से भी पूरी तरह व्यवस्थित रहे।
Read more :- भूकंप के बाद कोलंबिया में बड़ा फैसला, राष्ट्रपति ने घोषित किया आर्थिक आपातकाल
