रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी नेता रामगोपाल अग्रवाल की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को राजधानी ईडी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर घेराव किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार नेताजी सुभाष स्टेडियम परिसर स्थित ईडी कार्यालय के सामने आयोजित धरने को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा, “भाजपा की चाटुकारिता करने वाली ईडी संभल जाए, सरकार बदलने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कोयला, रेत और शराब के क्षेत्र में अवैध वसूली हो रही है तथा शराब की ओवर रेटिंग की जा रही है लेकिन ईडी इस पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
Read more:-बस्तर संभाग के 71 खिलाड़ी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयनित
बघेल ने कहा कि अग्रवाल के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को गैरकानूनी कार्रवाई और विपक्ष के खिलाफ कथित षड्यंत्र से बचने की चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा की “उल्टी गिनती” शुरू हो गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने युवाओं के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ युवा सड़कों पर उतर रहे हैं और वे ईडी तथा सीबीआई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए कहा कि समय आने पर इसका हिसाब लिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, विधायक संगीता सिन्हा, हर्षित स्वामी बघेल, रामकुमार यादव, कुंवर सिंह निषाद, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
