धमतरी में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

Follow Us

*म्युनिसिपल स्कूल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौशाला मैदान में होगा समापन*

धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से धमतरी शहर में 13 अगस्त 2026, गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा आयोजित इस यात्रा में शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों सहित सभी नागरिकों से उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की गई है।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे म्युनिसिपल स्कूल, धमतरी से होगा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होकर गुजरेगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार यात्रा कोडुमल धर्मशाला, बजरंग चौक, शिव चौक, दुर्गा चौक बनियापारा, कचहरी चौक, गांधी चौक और गणेश चौक होते हुए गौशाला मैदान पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।

तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, नारों और राष्ट्रीय ध्वज के साथ नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है।

महापौर रामू रोहरा एवं नगर पालिक निगम के समस्त पार्षदगण व एल्डरमेन ने धमतरी शहर के नागरिकों से तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, स्वतंत्रता, गौरव और संप्रभुता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में सामूहिक सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी का स्वरूप मिलेगा।

नगरवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर म्युनिसिपल स्कूल पहुंचकर तिरंगा यात्रा में शामिल हों और ‘हर दिल में तिरंगा, हर मन में राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दें।