पीएम मोदी से मिलेंगे एनसीपी -एसपी के सभी 8 सांसद: सुप्रिया सुले भी रहेंगी साथ, महाराष्ट्र की सियासत पर टिकी नजर

Follow Us

नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति में सोमवार का दिन अहम रहने वाला है। एनसीपी (शरद पवार गुट) के सभी 8 सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले भी मौजूद रहेंगी। प्रधानमंत्री सांसदों से ब्रेकफास्ट मीटिंग में बातचीत करेंगे।

सुप्रिया सुले के मुताबिक, बैठक का मुख्य फोकस महाराष्ट्र से जुड़े विकास कार्य, केंद्रीय योजनाएं और सांसदों के अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं होंगी। उन्होंने कहा कि, कई सांसदों को क्षेत्रीय विकास के लिए फंड से जुड़े मुद्दों का सामना करना पड़ रहा था, इसलिए प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत के लिए समय मांगा गया।

हालांकि, इस मुलाकात ने महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को भी हवा दे दी है। खासकर महाविकास अघाड़ी के सहयोगियों की नजर इस बैठक पर है। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि, एनसीपी -एसपी और कांग्रेस-UBT सभी MVA का हिस्सा हैं। वहीं कांग्रेस ने भी कहा कि, अगर बैठक महाराष्ट्र के हित में है तो उसे शुभकामनाएं हैं। बैठक से पहले शरद पवार की अपने परिवार के कुछ नेताओं से हुई मुलाकातों ने भी राजनीतिक अटकलों को बढ़ाया है।