ईरान की अमेरिका को दो टूक चेतावनी: ‘जमीन पर उतरे सैनिक तो नहीं लौटेंगे वापस’, बढ़ा तनाव

Follow Us

तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच भले ही इस समय सीधा युद्ध नहीं चल रहा हो, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। इसी बीच ईरानी सेना के एक वरिष्ठ कमांडर ने अमेरिका को बेहद कड़ी चेतावनी देकर हालात को और गरमा दिया है। ईरान की पैदल सेना के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अली जहानशाही ने कहा है कि अगर अमेरिकी सैनिक ईरान की जमीन पर कदम रखते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि ईरानी सेना किसी भी जमीनी घुसपैठ का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

जहानशाही का बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए पर्दे के पीछे कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। दोनों देशों के बीच फिलहाल सीधी बातचीत नहीं हो रही है और संदेशों का आदान-प्रदान मध्यस्थों के जरिए किया जा रहा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अमेरिका के साथ संपर्क अप्रत्यक्ष माध्यमों से जारी है। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी बातचीत महत्वपूर्ण बनी हुई है। ईरान और ओमान के बीच समुद्री यातायात से जुड़े कुछ मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ी है, लेकिन जलमार्ग को पूरी तरह खोलने को लेकर अभी कई शर्तें बाकी हैं। ईरानी सेना की चेतावनी और जारी कूटनीतिक गतिविधियों के बीच अब दुनिया की नजर दोनों देशों के अगले कदम पर है।