एलआईसी को पहली तिमाही में बड़ा फायदा: मुनाफा 22.81% बढ़कर रु.13,492 करोड़ पहुंचा

Follow Us

मुंबई। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कर पश्चात लाभ (PAT) 22.81 फीसदी बढ़कर रु.13,492 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में LIC का मुनाफा रु.10,986 करोड़ रहा था। एलआईसी के निदेशक मंडल ने तिमाही के स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय परिणामों को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने बताया कि कुल प्रीमियम आय भी बढ़कर रु.1,27,250 करोड़ हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में रु.1,19,200 करोड़ थी। इस तरह प्रीमियम आय में 6.75 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

बाजार हिस्सेदारी के मामले में एलआईसी ने अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी है। प्रथम वर्ष प्रीमियम आय के आधार पर कंपनी की कुल बाजार हिस्सेदारी 60.10 फीसदी रही। व्यक्तिगत कारोबार में हिस्सेदारी 38.89 फीसदी और समूह कारोबार में 70.90 फीसदी रही। एलआईसी के सीईओ एवं एमडी आर. दुरैस्वामि ने कहा कि, प्रतिस्पर्धा बढ़ने के बावजूद कंपनी ने व्यक्तिगत और समूह दोनों क्षेत्रों में अपना नेतृत्व कायम रखा है। उन्होंने बताया कि, नए कारोबार के मूल्य में 61 फीसदी से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि VNB मार्जिन बढ़कर 22.90 फीसदी हो गया।