आधे घंटे में बनाएं गाढ़ी और लच्छेदार रबड़ी, न फिटकरी की जरूरत न मिल्क पाउडर की

Follow Us

 त्योहारों का मौसम शुरू होते ही घरों में मिठाइयों और पारंपरिक पकवानों की तैयारी शुरू हो जाती है। हरियाली तीज जैसे त्योहारों पर मीठा बनाने और खिलाने की परंपरा है। ऐसे में बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय घर पर ताजी और स्वादिष्ट रबड़ी तैयार की जा सकती है। शेफ संज्योत कीर की बताई आसान ट्रिक से करीब आधे घंटे में गाढ़ी और लच्छेदार रबड़ी बनाई जा सकती है।

इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें न तो मिल्क पाउडर की जरूरत होती है और न ही फिटकरी की। इसके लिए करीब डेढ़ लीटर फुल क्रीम दूध लें और इसे एक बड़ी व चौड़ी कड़ाही में डालकर तेज आंच पर उबालें। उबाल आने के बाद गैस को मीडियम फ्लेम पर कर दें और दूध को धीरे-धीरे पकने दें।

जैसे ही दूध की सतह पर मलाई की परत बनने लगे, उसे सावधानी से निकालकर कड़ाही के किनारे चिपकाते जाएं। इसके लिए टूथपिक या कांटे वाले चम्मच की मदद ली जा सकती है। दूध पकने के दौरान जब भी मलाई की नई परत बने, उसे भी किनारे जमा करते रहें। चौड़ी कड़ाही इस्तेमाल करने से दूध की सतह ज्यादा रहेगी और मलाई की अच्छी परत बनेगी।

करीब आधे घंटे तक दूध को पकाने पर उसकी मात्रा कम होकर गाढ़ी होने लगेगी। इसके बाद इसमें करीब 50 ग्राम चीनी डालें। चीनी की मात्रा स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है। दूध को हल्के हाथ से चलाते रहें, ताकि वह तले में चिपके नहीं। ध्यान रखें कि रबड़ी ठंडी होने के बाद और गाढ़ी हो जाती है, इसलिए गैस बंद करते समय दूध को बहुत ज्यादा सुखाने की जरूरत नहीं है।

अब कड़ाही के किनारे जमा की गई मलाई को धीरे-धीरे गाढ़े दूध में डालें और हल्के हाथ से मिलाएं। मलाई को पूरी तरह घोलने के बजाय उसके लच्छों को बरकरार रखने से रबड़ी का पारंपरिक टेक्सचर मिलता है। तैयार रबड़ी को बर्तन में निकालकर ठंडा करें और फिर फ्रिज में रख दें।

परोसते समय रबड़ी के ऊपर केसर, कटे हुए पिस्ता, बादाम और काजू डालकर सजाएं। इस आसान तरीके से बिना किसी अतिरिक्त गाढ़ा करने वाले पदार्थ के घर पर स्वादिष्ट, गाढ़ी और लच्छेदार रबड़ी तैयार की जा सकती है।