मुंबई। महाराष्ट्र के लोगों की जेब पर महंगाई का एक और असर पड़ने वाला है। राज्य में 11 अगस्त से दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ जाएंगे। इसके साथ ही दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की तैयारी है। इससे आम परिवारों का मासिक घरेलू बजट प्रभावित हो सकता है। दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला राज्य की प्रमुख सहकारी और निजी डेयरियों के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया। मिल्क प्रोड्यूसर एंड प्रोसेसर वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार, दूध के उत्पादन से लेकर बाजार तक पहुंचाने की लागत लगातार बढ़ रही है।
एसोसिएशन ने बताया कि, डीजल की बढ़ती कीमतों से परिवहन खर्च बढ़ा है, जबकि पैकेजिंग लागत में करीब 30 फीसदी तक इजाफा हुआ है। इसके अलावा डेयरियों को किसानों से दूध खरीदने के लिए भी अधिक भुगतान करना पड़ रहा है। महंगाई का असर केवल दूध तक सीमित नहीं रहेगा। 11 अगस्त से दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में 10 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। एसोसिएशन ने संकेत दिया है कि, आने वाले समय में किसानों से दूध खरीदने की कीमत बढ़ने पर डेयरी उत्पादों के दाम में एक बार फिर बदलाव संभव है। ऐसे में महाराष्ट्र के उपभोक्ताओं के लिए आने वाले दिन रसोई के बजट पर भारी पड़ सकते हैं।
