खेत में रोपा लगाने के दौरान पति-पत्नी में विवाद, नशे में पति ने पत्नी की कर दी हत्या

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खेत में रोपा लगाने के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद शराब के नशे में पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, ठाड़पखना निवासी गंगोत्री बाई मंझवार (35) शनिवार को अपने पति जगमोहन मंझवार के साथ खेत में रोपा लगाने गई थी। इस दौरान दोनों ने शराब पी थी। दोपहर में परिवार के अन्य सदस्य खेत से लौट गए, जबकि गंगोत्री और जगमोहन वहीं मौजूद थे। कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि जगमोहन ने गंगोत्री के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला के चेहरे, सिर और माथे पर चोट के निशान मिले हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी जगमोहन मंझवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। उन्होंने जगमोहन के किसी अन्य महिला से संबंध होने को भी विवाद की वजह बताया है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।