प्रिस्टिना। कोसोवो की संसद में शनिवार को उस वक्त जमकर हंगामा हुआ, जब विपक्षी सांसद टाइम काद्रिजाज ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती पर कई अंडे फेंक दिए। घटना के बाद सदन की कार्यवाही रोकनी पड़ी और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बताया जा रहा है कि, कुर्ती संसद में नई सरकार के गठन को लेकर विपक्षी दलों से बातचीत के लिए समय मांग रहे थे।
इसी दौरान विपक्षी सांसद उनके पास पहुंचीं और अंडे फेंकते हुए उन्हें शर्म करने को कहा। घटना के बाद कुर्ती ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, अगर बातचीत करने की यही कीमत है, तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। इस घटना ने पहले से जारी राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
दरअसल, 7 जून को हुए संसदीय चुनाव में कुर्ती की पार्टी वेटेवेंडोसजे 120 में से 53 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। हालांकि, सरकार बनाने के लिए उसे जरूरी बहुमत हासिल नहीं हुआ। इसके बाद से सरकार गठन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच गतिरोध बना हुआ है। विपक्षी खेमे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि, मौजूदा संकट खत्म नहीं हुआ तो कोसोवो को एक और मध्यावधि चुनाव का सामना करना पड़ सकता है। संसद में अंडे फेंकने की घटना ने इस सियासी संकट को और सुर्खियों में ला दिया है।
