सावन में महाकाल दर्शन के साथ जरूर घूमें उज्जैन की ये 5 खास जगहें, यादगार बनेगा सफर

Follow Us

उज्जैन। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है और इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचते हैं। लेकिन उज्जैन की यात्रा सिर्फ महाकालेश्वर मंदिर तक सीमित नहीं है। शहर और इसके आसपास कई ऐसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं, जहां आस्था के साथ पौराणिक मान्यताओं और वास्तुकला की झलक भी देखने को मिलती है। अगर आप सावन में महाकाल दर्शन का प्लान बना रहे हैं, तो मंगलनाथ मंदिर को अपनी सूची में जरूर शामिल करें। शिप्रा नदी के किनारे स्थित इस मंदिर को धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मंगल ग्रह का जन्मस्थान माना जाता है। इसके अलावा प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर भी श्रद्धालुओं के बीच काफी प्रसिद्ध है। वहीं महर्षि सांदीपनि आश्रम परिसर में स्थित गोमती कुंड पौराणिक महत्व रखता है और इसे भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा हुआ माना जाता है।

महाकाल दर्शन के बाद उज्जैन का इस्कॉन मंदिर भी घूमने के लिए शानदार जगह है। यहां भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन के साथ शांत वातावरण और शाम की आरती का अनुभव लिया जा सकता है। इसके अलावा चार धाम मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण है, जहां एक ही स्थान पर बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथ पुरी और रामेश्वरम के दर्शन किए जा सकते हैं। उज्जैन पहुंचने के लिए ट्रेन से उज्जैन जंक्शन तक पहुंचना आसान विकल्प है। हवाई यात्रा करने वाले लोग इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचकर वहां से बस या कैब के जरिए उज्जैन जा सकते हैं। ऐसे में सावन में बाबा महाकाल के दर्शन के साथ इन पांच जगहों को अपनी यात्रा सूची में शामिल करके उज्जैन के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव को और खास बनाया जा सकता है।