चेन्नई। तमिल अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने चेंगलपट्टू कोर्ट में दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। शुक्रवार को संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत की कार्यवाही में शामिल हुईं और अपनी याचिका वापस ले ली। संगीता ने फरवरी 2026 में विजय से विवाह समाप्त करने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी। मामले की सुनवाई कई बार टल चुकी थी। इससे पहले 15 जून को भी संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुई थीं और याचिका वापस लेने की इच्छा जताई थी। पिछले महीने सुनवाई के दौरान विजय और संगीता दोनों अदालत में मौजूद नहीं हुए थे और उनकी ओर से वकीलों ने कार्यवाही में हिस्सा लिया था।
तलाक की अर्जी में संगीता ने विजय पर वैवाहिक संबंधों से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए थे। याचिका के मुताबिक, उन्हें 2021 में कथित तौर पर पता चला कि विजय एक अभिनेत्री के साथ विवाहेतर संबंध में थे। संगीता का आरोप था कि उन्हें इस रिश्ते को खत्म करने का भरोसा कई बार दिया गया, लेकिन कथित तौर पर ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि अभिनेत्री के साथ विजय की सोशल मीडिया पोस्ट के कारण उन्हें और उनके बच्चों को मानसिक परेशानी और सार्वजनिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। याचिका में यह भी आरोप लगाया गया था कि विजय धीरे-धीरे परिवार से दूर हो गए और भावनात्मक, शारीरिक तथा आर्थिक सहयोग देना बंद कर दिया। संगीता ने आर्थिक पाबंदियों का भी आरोप लगाया था और कहा था कि सुलह की कोशिशें सफल नहीं होने के बाद उन्होंने स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, अब उन्होंने यह याचिका वापस ले ली है और इसके पीछे की वजह को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
