नई दिल्ली। Xiaomi ने भारतीय बाजार में अपने नए सब-ब्रांड Mijia को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने भारत में 12 साल पूरे होने के मौके पर इसकी घोषणा की। Mijia के तहत भारतीय ग्राहकों को स्मार्ट होम और लाइफस्टाइल से जुड़े कई प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। Mijia Xiaomi का होम और लाइफस्टाइल ब्रांड है, जिसके स्मार्ट डिवाइस मोबाइल फोन और अन्य कनेक्टेड गैजेट्स के साथ काम करने के लिए डिजाइन किए जाते हैं। भारत में Mijia के आने के बाद Xiaomi के पोर्टफोलियो में Xiaomi, Redmi और POCO के साथ एक और ब्रांड जुड़ गया है। कंपनी की यह पहल उसकी Human × Car × Home रणनीति का हिस्सा है, जिसका मकसद स्मार्टफोन, कार और घर में इस्तेमाल होने वाले स्मार्ट उपकरणों को एक ही कनेक्टेड इकोसिस्टम में जोड़ना है। Xiaomi पहले से ही भारत में स्मार्टफोन, टैबलेट, स्मार्ट टीवी, स्मार्टवॉच, वियरेबल्स और AIoT डिवाइस समेत कई तरह के प्रोडक्ट्स बेच रही है और अब Mijia के जरिए स्मार्ट होम सेगमेंट को और विस्तार देने की तैयारी है।
कंपनी के मुताबिक, Mijia के स्मार्ट प्रोडक्ट्स Xiaomi HyperOS के साथ काम करेंगे, जिससे यूजर्स एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग स्मार्ट डिवाइस को कनेक्ट और कंट्रोल कर सकेंगे। Xiaomi ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में Mijia के तहत भारत में बड़े होम अप्लायंसेज भी पेश किए जा सकते हैं। इनमें स्मार्ट रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और दूसरे घरेलू उपकरण शामिल हो सकते हैं, हालांकि इनके लॉन्च की तारीख और कीमत की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। Xiaomi ने 2014 में भारत में स्मार्टफोन के साथ कदम रखा था और इसके बाद कंपनी ने स्मार्ट टीवी, टैबलेट, फिटनेस बैंड, स्मार्टवॉच, एयर कंडीशनर, एयर प्यूरीफायर और अन्य AIoT प्रोडक्ट्स के साथ अपना पोर्टफोलियो बढ़ाया। अब Mijia के लॉन्च के साथ कंपनी भारतीय स्मार्ट होम और होम अप्लायंसेज बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
