कोयला घोटाला मामलों में बड़ा फेरबदल: सुप्रीम कोर्ट ने दो विशेष जजों को बदलने की दी मंजूरी

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली में लंबे समय से चल रहे कोयला घोटाला मामलों की सुनवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। दिल्ली हाईकोर्ट के अनुरोध पर सुप्रीम कोर्ट ने विशेष जज सुनैना शर्मा और विशेष सीबीआई जज धीरज मोर को कोयला घोटाला मामलों की अदालत से हटाकर उनकी जगह नए न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि, दोनों न्यायिक अधिकारी अनुभवी और सक्षम हैं और उनकी सेवाओं का इस्तेमाल अन्य जिम्मेदारियों में किया जाना है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने बदलाव की अनुमति दी।

सुनैना शर्मा ने जनवरी 2026 में कोयला घोटाला मामलों की विशेष अदालत की जिम्मेदारी संभाली थी, जबकि धीरज मोर को अप्रैल 2025 में इस अदालत में नियुक्त किया गया था। अब वीरेंद्र कुमार खर्ता और अजय गर्ग को उनकी जगह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, दोनों पूर्व विशेष जजों को फिलहाल अलग नई न्यायिक पोस्टिंग नहीं दी गई है और उन्हें संबंधित कार्यालयों से अटैच किया गया है। हाईकोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि, जिन मामलों में दोनों जज फैसले सुरक्षित रख चुके हैं, उनमें तय समयसीमा के भीतर आदेश सुनाए जाएं। इस बदलाव के बीच कोयला घोटाले से जुड़े लंबित मामलों की सुनवाई पर भी नजर बनी रहेगी।