नई दिल्ली/यरूशलम। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत और इजराइल के रिश्तों को लेकर एक अहम कूटनीतिक बातचीत हुई है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति के साथ पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, दोनों देशों की स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, क्षेत्रीय घटनाक्रम पर दोनों नेताओं ने अपने विचार साझा किए। इसके जवाब में नेतन्याहू ने पीएम मोदी को ‘मेरे दोस्त’ कहते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि, दोनों देश मिलकर भारत-इजराइल संबंधों को लगातार और मजबूत करने की दिशा में काम करते रहेंगे।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव का असर क्षेत्रीय राजनीति और वैश्विक कूटनीति पर दिखाई दे रहा है। दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने और संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। गौरतलब है कि, हाल के दिनों में नेतन्याहू ने दूसरी बार पीएम मोदी की सार्वजनिक तौर पर तारीफ की है। इससे दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक नजदीकी का संकेत मिलता है।
