CJP में अंदरूनी कलह! अभिजीत दीपके के घर के बाहर समर्थकों का धरना, संगठन पर लगाए गंभीर आरोप

Follow Us

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। छात्र आंदोलन से जुड़े होने का दावा करने वाले दो समर्थकों ने गुरुवार को CJP संस्थापक अभिजीत दीपके के घर के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। धरने पर बैठे युवकों का कहना है कि उन्हें CJP की कोर टीम से मिलने का मौका नहीं दिया गया और आंदोलन की आगे की रणनीति कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित रखी जा रही है। उनका आरोप है कि पूरे देश के युवाओं के आंदोलन को कुछ लोगों के फैसलों तक सीमित नहीं किया जा सकता।

अहमदाबाद निवासी मनीष ब्रह्मभट्ट और राहुल पांड्या अभिजीत दीपके के घर पहुंचे और बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मनीष ब्रह्मभट्ट ने खुद को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन को लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें संगठन की बैठक में शामिल नहीं किया गया। उनका कहना है कि आंदोलन से जुड़े सभी लोगों को अपनी राय रखने का अवसर मिलना चाहिए। मनीष ब्रह्मभट्ट ने कहा कि किसी भी आंदोलन की दिशा कुछ रिश्तेदारों या करीबी लोगों के जरिए तय नहीं की जानी चाहिए। उनका कहना है कि यह देशभर के युवाओं का आंदोलन है और इसमें सभी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। फिलहाल अभिजीत दीपके या CJP की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।