PM मोदी आज IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को करेंगे संबोधित, ‘परम प्रज्ञा’ सुपरकंप्यूटिंग सुविधा का करेंगे उद्घाटन

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 8 अगस्त को सुबह 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे 587 पीएचडी शोधार्थियों सहित 3,000 से अधिक स्नातक छात्रों को संबोधित करेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक तथा परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक सहित संस्थान के प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगे।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री आईआईटी दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित एआई आधारित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का उद्घाटन भी करेंगे। इस सुविधा से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, उन्नत कंप्यूटिंग और अंतर्विषयक अनुसंधान को नई गति मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि हाल ही में आईआईटी दिल्ली और सिस्को ने एआई और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘सिस्को टेक्नोलॉजी हब’ की स्थापना की घोषणा की है। तीन वर्ष की यह साझेदारी भारत के डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने, साइबर सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एआई व साइबर सुरक्षा अनुसंधान का प्रमुख केंद्र विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।