चरखी दादरी (हरियाणा)। हरियाणा के चरखी दादरी जिले में बुधवार दोपहर कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे स्कॉर्पियो सवार लोगों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे तीन हथियारबंद बदमाशों ने स्कॉर्पियो को निशाना बनाते हुए 10 से 15 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस ने वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं की है और इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हमले का शिकार हुए कुछ लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वे एक पुराने मामले में अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे। ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश, गैंगवार और अन्य आपराधिक एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध हथियारों के साथ दिखाई दिए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
