नई दिल्ली। बारिश के मौसम में उमस से राहत पाने के लिए लोग घर, ऑफिस और कार में लंबे समय तक एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, लगातार एसी में रहने से त्वचा की प्राकृतिक नमी कम होने लगती है, जिससे ड्राईनेस, खुजली, जलन और रूखेपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, एसी कमरे की हवा में मौजूद नमी को कम कर देता है, जिससे त्वचा की बाहरी सुरक्षात्मक परत प्रभावित होती है। जिन लोगों की त्वचा पहले से संवेदनशील या ड्राई होती है, उनमें यह समस्या और अधिक बढ़ सकती है। बार-बार खुजलाने से त्वचा पर लालपन, जलन और संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।
त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, नियमित रूप से मॉइस्चराइजर लगाना और हाइड्रेटिंग फेस वॉश का इस्तेमाल करना फायदेमंद माना जाता है। हफ्ते में एक-दो बार हाइड्रेटिंग फेस मास्क लगाने, एसी का तापमान बहुत कम न रखने और समय-समय पर सामान्य वातावरण में कुछ देर रहने से भी त्वचा को राहत मिल सकती है। इसके अलावा, विटामिन-सी और विटामिन-ई से भरपूर संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव से दूरी त्वचा की प्राकृतिक चमक बनाए रखने में मदद करती है। यदि ड्राईनेस, खुजली, जलन या लाल चकत्तों की समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।
