नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर हुए खर्च को लेकर केंद्र सरकार ने राज्यसभा में जानकारी साझा की है। विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने लिखित जवाब में बताया कि वर्ष 2021 से अब तक प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर करीब ₹74.5 करोड़ का खर्च हुआ है। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और सीपीआई(एम) सांसद डॉ. वी. शिवदासन के सवाल के जवाब में दी गई।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं का उद्देश्य भारत के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक संबंधों को मजबूत करना रहा है। इन दौरों के दौरान तकनीक, व्यापार, निवेश, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कई अहम समझौते किए गए। सरकार ने बताया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के बीच भारत में 381.8 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आया, जिसमें मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी अहम भूमिका रही है।
सरकार ने जवाब में कुछ पुरानी विदेश यात्राओं के खर्च का विवरण भी साझा किया। इनमें 2011 की अमेरिका यात्रा पर ₹10.74 करोड़, 2013 की रूस यात्रा पर ₹9.95 करोड़, 2011 की फ्रांस यात्रा पर ₹8.33 करोड़ और 2013 की जर्मनी यात्रा पर ₹6.02 करोड़ खर्च होने की जानकारी दी गई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, ये आंकड़े संबंधित यात्राओं के दौरान दर्ज किए गए वास्तविक खर्च हैं।
