मुंबई। सलमान खान का चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। शो के मेकर्स ने गुरुवार को इसका नया टीजर जारी किया, जिसके बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। इस बार सलमान खान ने शो को लेकर एक नया संकेत दिया है, जिसमें वह ‘एक वरदान’ का जिक्र करते नजर आ रहे हैं। टीजर में सलमान कहते हैं कि इस सीजन में कुछ ऐसा खास होने वाला है, जो किसी की किस्मत बदल सकता है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि आखिर यह ‘वरदान’ क्या है और इसका असर किस कंटेस्टेंट की जिंदगी पर पड़ेगा।
नए क्लू के सामने आने के बाद दर्शकों के बीच शो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अनुमान लगा रहे हैं कि बिग बॉस 20 में इस बार कौन-सा बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा। हर कोई जानना चाहता है कि सलमान खान के बताए गए ‘एक वरदान’ का असली मतलब क्या है। मेकर्स ने अभी तक इस राज से पर्दा नहीं उठाया है। बताया जा रहा है कि बिग बॉस 20 का नया सीजन सितंबर 2026 से जियो स्टार टेलीविजन नेटवर्क पर शुरू होगा।

