गुरुग्राम। गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसी स्कूटी पकड़ी, जिस पर वाहन की कीमत से कई गुना ज्यादा जुर्माना बकाया था। करीब 50 हजार रुपये की पुरानी स्कूटी पर 10 लाख रुपये के 96 चालान लंबित पाए गए।
मामला राजीव चौक इलाके का है, जहां ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बिना हेलमेट और गलत दिशा में स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया। जब पुलिस ने वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह कोई कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद नंबर की जांच करने पर स्कूटी का पूरा ट्रैफिक रिकॉर्ड सामने आया।
जांच में पता चला कि, इस स्कूटी के खिलाफ मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन के 96 मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर चालान बिना हेलमेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र के काटे गए थे। इनमें से अधिकांश चालान ट्रैफिक कैमरों के जरिए दर्ज हुए थे। पूछताछ में पता चला कि, स्कूटी युवक की बहन के नाम पर रजिस्टर्ड है। लगातार नियम तोड़ने और भारी जुर्माने को देखते हुए पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। ट्रैफिक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और लंबित चालानों का समय पर निपटारा करें।
