इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए सुनहरा मौका: 350 पदों पर आवेदन शुरू, 7 अगस्त तक करें अप्लाई

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है। इंडियन आर्मी ने 68वें शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) टेक्निकल कोर्स के तहत अविवाहित पुरुष इंजीनियरिंग स्नातकों से 350 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के जरिए सिविल इंजीनियरिंग के 75, कंप्यूटर साइंस के 60, इलेक्ट्रिकल के 33, इलेक्ट्रॉनिक्स के 64, मैकेनिकल के 101 और अन्य इंजीनियरिंग शाखाओं के 17 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 7 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित इंजीनियरिंग डिग्री होना जरूरी है। उम्मीदवारों की उम्र 1 अप्रैल 2027 के अनुसार 20 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में शॉर्टलिस्टिंग, SSB इंटरव्यू, मेडिकल टेस्ट और मेरिट लिस्ट शामिल होगी। चयनित उम्मीदवारों को अप्रैल 2027 से प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसकी अवधि करीब 49 सप्ताह होगी। ट्रेनिंग के दौरान हर महीने 56,100 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्त किया जाएगा और उन्हें वेतन के साथ अन्य सुविधाएं और भत्ते भी मिलेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले भर्ती की आधिकारिक शर्तों और दिशा-निर्देशों को ध्यान से जरूर पढ़ें।