भारत-नेपाल सीमा: एसएसबी जवानों पर पथराव से बढ़ा तनाव, 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Follow Us

नई दिल्ली। भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। बिहार के बगहा स्थित वाल्मीकिनगर सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों पर कथित तौर पर नेपाली नागरिकों की भीड़ ने पथराव कर दिया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, SSB की 21वीं वाहिनी की टीम सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सुस्ता इलाके में चल रहे बांध निर्माण को लेकर विवाद हुआ। SSB का आरोप है कि जवानों द्वारा निर्माण कार्य पर आपत्ति जताने के बाद कुछ लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

इस मामले में SSB की शिकायत के आधार पर वाल्मीकिनगर थाने में नेपाल के सुस्ता गांव के करीब 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। एसएसबी अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के बीच सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनाए रखने और तय सीमा से आगे निर्माण नहीं करने पर सहमति बनी थी। फिलहाल इलाके में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।