नई दिल्ली। अगर आपका सपना है कि, आप बादलों के बीच खड़े होकर प्रकृति का अद्भुत नजारा देखें, तो इसके लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं है। भारत में कई ऐसे खूबसूरत हिल स्टेशन हैं, जहां पहाड़ों की ऊंचाइयों पर पहुंचकर ऐसा महसूस होता है जैसे बादल आपके पैरों के नीचे तैर रहे हों। मेघालय के शिलॉन्ग और चेरापूंजी अपनी हरियाली, झरनों और बादलों से घिरे खूबसूरत नजारों के लिए मशहूर हैं। यहां की वादियां किसी सपनों की दुनिया से कम नहीं लगतीं। नोहकलिकाई फॉल्स और आसपास के प्राकृतिक दृश्य पर्यटकों को खास आकर्षित करते हैं।
पश्चिम बंगाल का संदकफू भी प्रकृति प्रेमियों के लिए शानदार जगह है। यहां से कंचनजंगा, एवरेस्ट और मकालू जैसी ऊंची चोटियों का नजारा दिखाई देता है और ट्रेकिंग के दौरान बादलों के बीच चलने जैसा अनुभव मिलता है। केरल का मुन्नार अपनी धुंध भरी पहाड़ियों और चाय के बागानों के लिए प्रसिद्ध है। सुबह के समय यहां बादलों और पहाड़ों का मेल बेहद मनमोहक लगता है। वहीं कर्नाटक का कूर्ग और नंदी हिल्स भी खूबसूरत वादियों और सूर्योदय के शानदार नजारों के लिए जाने जाते हैं। ये जगहें उन लोगों के लिए परफेक्ट हैं, जो शांति, प्रकृति और यादगार अनुभव की तलाश में हैं।
